राजपुर (सिरमौर)। उपमंडल पांवटा के रुदाना गांव में 12 दिन से चल रही पेयजल किल्लत दूर होने की आस बंधी है। आईपीएच विभाग की एक टीम ने मंगलवार को रुदाना गांव का दौरा किया जिसमें विभाग के जेई गुमान सिंह व अन्य कर्मचारी शामिल रहे। टीम ने क्षेत्र के ग्रामीण बलबीर चौहान, राजू, शांति व दिनेश आदि के साथ पाइप लाइन, स्टोर टैंक एवं नलों का भी निरीक्षण किया।
गौरतलब हो कि ‘अमर उजाला’ ने रुदाना गांव में चल रही पेयजल किल्लत को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। मंगलवार को प्रकाशित अंक में ‘रुदाना में 12 दिन से पानी नहीं..’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इस खबर के माध्यम से विभाग में ध्यान में लाया था कि रुदाना में 12 दिन से पेयजल आपूर्ति बाधित पड़ी है जिस कारण लोग पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे हैं। लोग अपने काम धाम छोड़ पांच किलोमीटर दूर से पानी ढोने में लगे हैं।
इस खबर के प्रकाशित होते ही आईपीएच विभाग ने इस पर कड़ा संज्ञान लिया। मंगलवार को ही विभाग की एक टीम गांव में पहुंची। टीम ने ग्रामीणों के साथ मौके का मुआयना किया। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को टैंकर व खच्चरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से कहा कि एक या दो दिन में पेयजल की आपूर्ति कर दी जाएगी।
उधर, विभाग के अधिशाषी अभियंता एसके धीमान ने कहा कि मौके पर टीम को भेज दिया गया था। रिपोर्ट आते ही पानी की आपूर्ति कर दी जाएगी।