अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा में चल रही 22वीं उत्तर भारतीय वीर शिवाजी क्रिकेट स्पर्धा में बुधवार को रोमांच अपने चरम पर रहा। यहां दो मैच खेले गए। पहले मैच में बैकुआं ने पिपली टीम को 44 रन से शिकस्त दी। जबकि दूसरे मैच में विकासनगर टीम ने रोमांच से भरपूर मैच में भाटांवाली को हरा कर अगले चरण में प्रवेश किया।
विकासनगर के डब्बू और अर्धशतकीय पारी खेलने वाले पिंदर को मैच ऑफ द मैच चुना गया। पहले मैच में बैकुआं ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी की। उसने निर्धारित 18 ओवरों में 5 विकेट पर 154 रन बनाए। इसमें बल्लेबाज पिंदर ने 52 रन, बिल्ला ने 22, रजब ने 21, बिट्टू ने 17 व किशोरी ने 16 रनों की पारी खेली।
पिपलीवाला के तरफ से महफूज ने 2, सद्दाम व आशु ने 1-1 विकेट लिया। जवाब में पिपलीवाला टीम 18 ओवरों में मात्र 110 रन पर ही सिमट गई जिसमें रजब ने सर्वाधिक 41 व इमतयाज ने 29 रनों का योगदान किया। बैकुआं की ओर से रिंकु, रजब ने 3-3 व अनिल ने 2 विकेट लिए।
दूसरा मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए विकासनगर ने 18 ओवर में 9 विकेट पर 132 रनों का स्कोर बनाया। इसमें ओपनर बब्बू ने सर्वाधिक 48 और शुभम ने 30 रनों की पारी खेली। भाटांवाली टीम की तरफ से त्रिलोक सिंह और कमल ने 2-2, कमल, सूरज व मोहसिन ने 1-1 विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भाटांवाली टीम की ओर से मोहसिन व त्रिलोक ने सधी हुई शुरुआत करते हुए 58 रन की ओपनिंग साझेदारी की। मोहसिन खान ने 30 रन, मनोज ने 27 व त्रिलोक सिंह ने 22 रन बनाए। वह भी 18 ओवरों में 132 रन ही बना पाई। विकासनगर की ओर से डब्बू ने 4 विकेट हासिल किए। मैच टाई होने से उसका रोमांच और बढ़ गया। प्रतियोगिता संचालकों ने मैच के परिणाम के लिए सुपर ओवर का मैच करवाया। सुपर ओवर में विकासनगर ने 21 रन बनाए जबकि भाटांवाली टीम 7 रन ही बना पाई। इसके चलते विकासनगर को विजयी घोषित किया गया।