अमर उजाला ब्यूरो
सतौन (सिरमौर)।
सतौन एवं शिलाई विद्युत सब डिविजन में रविवार को 9 घंटे का ब्लैक आउट रहा। यहां कंपकंपाती ठंड में विद्युत आपूर्ति दिनभर ठप रही, जिस वजह से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार राजबन के समीप 33 केवी लाइन पर सुबह सात बजे एक वृक्ष गिरने से लाइन क्षतिग्रस्त हो गई जिस कारण इससे जुड़े सभी क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई।
जानकारी के अनुसार शिलाई विधानसभा क्षेत्र की 48 पंचायतों सहित रेणुका जी क्षेत्र की कुछ पंचायतें बिजली गुल रहने से प्रभावित रही। सतौन के बड़े हिस्से में भी विद्युत आपूर्ति ठप होने का असर देखा गया। बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण मकर संक्रांति पर्व का उत्साह भी ठंडा ही रहा। बिजली से चलने वाले सभी उपकरण बेकार हो गए। सतौन के सभी लघु उद्योगों में उत्पादन ठप रहा। माल-ढुलाई का कार्य भी प्रभावित रहा। इन उद्योगों से रोजाना 3 दर्जन ट्रक बाहरी राज्यों में पोल्ट्री ग्रिट्स और चुना पत्थर पाउडर लेकर जाते थे लेकिन आज मात्र 4 ट्रक का ही माल बाहर जा सका।
उधर, सतौन उपमंडल के सहायक अभियंता एसएस शर्मा ने बताया कि राजगढ़ के समीप एक पेड़ विद्युत लाइन पर गिर गया जिस कारण विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। उन्होंने कहा कि उनके कर्मचारी सुबह से ही पेड़ को काटने में जुटे हुए थे। अब मुश्किल से बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।