अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
जनपद सिरमौर को मिले डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज के नए भवन की आधारशिला बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा रखेंगे। जेपी नड्डा शिमला से वीडियो कांफ्रेेंसिंग के माध्यम से इस भवन के साथ-साथ 50 लाख की लागत से बनने वाले मातृ-शिशु कल्याण सेंटर का भी शिलान्यास करेंगे।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता एवं नाहन के विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि आने वाले दो वर्षों के भीतर यह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंडीगढ़ के 32 सेक्टर से भी ज्यादा अच्छी व बेहतरीन सुविधाएं मरीजों को उपलब्ध करवाएगा। उन्होंने कहा कि एक साल के भीतर ही 95 फीसदी मरीजों के रोगों का उपचार इस मेडिकल कॉलेज में संभव होगा।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि सिरमौर को मिले मेडिकल कॉलेज के अलावा आईआईएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थान व 9 नेशनल हाईवे केंद्र की मोदी सरकार की देन है। ऐसा विकास अभूतपूर्व है। नेशनल हाईवे से जुड़कर सिरमौर का विकास होने वाला है। वहीं रोजगार के अवसर भी स्थानीय युवाओं के लिए पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि आईआईएम संस्थान का भी जल्द ही शिलान्यास होगा। मेडिकल कॉलेज नाहन में प्रतिदिन 2500 से ज्यादा की ओपीडी व 500 रोगियों की आईपीडी होगी। रोगियों के इलाज के लिए प्रत्येक रोग विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात रहेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिला सिरमौर को कोई पिछड़ा जिला नहीं कहेगा। डॉ. बिंदल ने कहा कि नाहन विधानसभा को मिले आईआईएम व मेडिकल कॉलेज जैसे बड़े संस्थानों से रोजगार सृजित उद्देश्यों की भी व्यापक स्तर पर पूर्ति होगी।
इस मौके पर जिला परिषद सदस्य विनय गुप्ता, मनीष चौहान, मंडल अध्यक्ष दीनदयाल वर्मा, जिला प्रवक्ता राकेश गर्ग के अलावा कोलर पंचायत के प्रधान अमर सिंह व मीडिया प्रभारी विशाल तोमर आदि कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
----मेडिकल कॉलेज के नए भवन का शिलान्यास आज : डॉ. बिंदल
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा वीडियो कांफ्रेंसिंग से रखेंगे आधारशिला