जिला स्तरीय नशा निरोधक समन्वय समिति की बैठक में उपायुक्त ने दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिले के लोग अवैध मादक पदार्थों की गतिविधियों की जानकारी टोल फ्री नंबर 1933, नॉरकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के मानस पोर्टल और उमंग एप पर दे सकते हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति की जानकारी पूर्ण रूप से गुप्त रखी जाएगी। यह जानकारी उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने कार्यालय के सभागार में सिरमौर जिला में मादक पदार्थ के उन्मूलन के लिए गठित जिला स्तरीय नशा निरोधक समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने कार्यालय परिसर तथा क्षेत्राधिकार में अवैध भांग को उखाड़ने का सुनिश्चित प्रयास करें। उन्होंने बताया कि पुलिस ने वर्ष 2025 में अब तक एनडीपीएस अधिनियम के तहत 131 केस दर्ज किए हैं। इसमें 192 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, बीते माह 18 मामले दर्ज किए गए और 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
बैठक में जिला पुलिस प्रशासन ने बताया कि समिति ने किसानों को अफीम और भांग की अवैध खेती के बारे में जागरूक करने के लिए शिविर आयोजित किए गए। जिला में अवैध भांग की खेती पर रोक के लिए संबंधित विभागों द्वारा निरंतर दौरे किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, जिला के विभिन्न क्षेत्रों में प्राकृतिक रूप से उगी भांग को उखाड़ने का कार्य भी किया गया।
बैठक में बताया गया कि शिक्षा और पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान से जिला के विभिन्न स्थानों में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके तहत प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा, वन, कृषि, बागवानी, शिक्षा और कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।