डेंगू के 13, स्क्रब टायफस के मिले 3 और मामले
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में डेंगू के साथ-साथ स्क्रब टायफस का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को जिले के विभिन्न हिस्सों से 13 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। वहीं, स्क्रब टायफस के भी तीन और नए मामले मिले।
सिरमौर में डेंगू के अबतक 895 मामले सामने आ चुके हैं। जबकि, स्क्रब टायफस से पीड़ित मरीजों की संख्या भी 336 पहुंच गई है। विभिन्न अस्पतालों में बुखार से पीड़ित मरीज पहुंच रहे हैं। दोनों बीमारियों के बढ़ रहे प्रकोप के चलते स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी लगातार बढ़ रही है। लोगों में खौफ की स्थिति बरकरार है।
सीएमओ सिरमौर डाॅ. अजय पाठक ने डेंगू के 13 और स्क्रब टायफस के तीन और नए मामले मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से लगातार जागरुकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। लोग भी जागरूक हों और सावधानी बरतें।