नाहन (सिरमौर)। विकास खंड नाहन के शंभुवाला में 17 साल के किशोर ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली है। इससे इलाके में सनसनी फैल गई है। किशोर ने इतना कठोर कदम क्यों उठाया इसका पता नहीं चल पाया है। न ही पुलिस को मौके पर किसी तरह का सुसाइड नोट मिला है। नाहन पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
कुछ दिन पहले ही नाहन के एक किशोर ने फंदा लगाकर जान दी थी। ताजा घटनाक्रम में शंभुवाला में ऐसा ही एक मामला सामने आया है। यहां 17 साल के एक छात्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। 17 वर्षीय मयंक सैनी बनकला की वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में जमा दो कक्षा का छात्र था।
वीरवार सुबह साढ़े 8 बजे के आसपास नियमित कार्यों को निपटाने के बाद मयंक ने घर के पास एक शेड में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। इसकी जानकारी नाहन पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। न ही पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
इस बारे में पुलिस अधीक्षक सिरमौर डॉ. केसी शर्मा ने बताया कि पुलिस को मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।