12.43 करोड़ से सुधरेगी नैनाटिक्कर-शमलाटी-डगोथर सड़क विधायक प्राथमिकता के अंतर्गत नाबार्ड के माध्यम से होगा निर्माण
तीन पंचायतों के तीन दर्जन गांवों को मिलेगी बेहतर परिवहन सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की तीन पंचायतों को लाभान्वित करने वाली नैना टिक्कर वाया शमलाटी- मझगांव-डगोथर सड़क की दशा जल्द सुधरेगी।
इस सड़क का निर्माण विधायक प्राथमिकता के तहत नाबार्ड के माध्यम से किया जा रहा है। इस पर 12.43 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।
लोक निर्माण विभाग की ओर से डीपीआर मुख्य अभियंता कार्यालय शिमला को भेज दी गई है। नाबार्ड के तहत बनने से क्षेत्र की तीन पंचायतों के तीन दर्जन गांवों के लोगों में खुशी का माहौल है।
ग्रामीणों ने सड़क की दशा सुधारने को लेकर कई बार विधायक के समक्ष मांग रखी थी। इसके बाद विधायक रीना कश्यप ने इस सड़क को विधायक प्राथमिकता में डाला।
सड़क को चौड़ा किया जाएगा। वहीं टॉरिंग, वीरिंग, सोलिंग, पुलिया, डंगा और नाली निर्माण भी करवाया जाएगा।
क्षेत्रवासी जगदीश अत्री, प्रकाश दत्त, पदम देव, मायादत्त, तेजानंद, राकेश, रमेश दत्त, सरोज अत्री, राधा अत्री, रतन तोमर, वार्ड सदस्य नित्यानंद, वार्ड सदस्य सुखराम ने बताया कि यह सड़क तीन पंचायतों के लोगों को लाभान्वित करती है।
इस सड़क के माध्यम से जहां किसान अपनी फसलों को सब्जी मंडी तक पहुंचाते हैं, वहीं दुग्ध उत्पादक, कॉलेज, आईटीआई और स्कूल में जाने वाले बच्चों के लिए भी यह सड़क कम दूरी की होने के कारण काफी फायदेमंद है।
इस सड़क के बन जाने से नैनाटिक्कर, बाग पशोग व धरोटी पंचायत के नैनाटिक्कर, डगोथर, देव कोठी, मझगांव, शमलाठी, ज्योल, जगाजी, जकानी, सोलडी, नाडव, खोजर, धरोट, धरोटी, मधोड़ा, मोहर, मलाडी, गदोल, बरठिया, अंजी व बघेंजी इत्यादि गांव के लोग लाभान्वित होते हैं।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आरएस ठाकुर ने बताया कि इस सड़क की डीपीआर बनाकर मुख्य अभियंता के कार्यालय को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि जैसे ही स्वीकृति आएगी निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
पच्छाद की विधायक रीना कश्यप ने कहा कि उनका लक्ष्य है कि पच्छाद विधानसभा क्षेत्र को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाया जाए। उन्होंने कहा कि 12.43 करोड़ रुपये से नैनाटिक्कर-डगोथर सड़क की दशा सुधारी जाएगी। संवाद