अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। ड्रेगन मार्शल आर्ट अकादमी नाहन ने सुरेंद्रा क्लब नाहन में कराटे बेल्ट परीक्षा आयोजित की जिसमें कराटे प्रशिक्षुओं ने कराटे बेल्ट हासिल करने के लिए खूब पसीना बहाया। यह परीक्षा ग्लोबल शोतोकोन कराटे फेडरेशन के प्रमुख प्रशिक्षक शिहॉन जावेद उल्फत द्वारा ली गई। इस परीक्षा में हिस्सा लेने वाले सभी प्रशिक्षु ड्रेगन मार्शल आर्ट अकादमी की शाखा में कराटे सीख रहे हैं। यह परीक्षा पंच, किक, काता, कुमिते, किहोनवाजा व फाइट के आधार पर ली गई। प्रशिक्षुओं के प्रदर्शन के आधार पर ही उनको बेल्ट प्रदान की गई।
कराटे बेल्ट परीक्षा में लड़कों के साथ-साथ लड़कियों ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए बेल्ट के लिए पसीना बहाया। परीक्षा में मृदुला तोमर, सक्षम ठाकुर, मान्या ठाकुर व पियुष सैनी ब्लू बेल्ट, रूकय्या, मोहसिन, शौर्य सिंह ने ग्रीन बेल्ट, समृद्धि ठाकुर ने ओरेंज बेल्ट तथा अभिषेक डोगरा, रिद्धिका डोगरा, निशांत ने येलो बेल्ट हासिल की।
मुख्य प्रशिक्षक शिहॉन जावेद उल्फत ने बताया कि जापान कराटे-डू-मारूयो शिकाई आर्गेनाइजेशन कई सालों से नाहन में कराटे कक्षाएं चला रहा है। इसकी शाखाएं जिला के विभिन्न स्थानों पर सफलतापूर्वक चल रही हैं।