अमर उजाला ब्यूरो
राजगढ़ (सिरमौर)। राजगढ़ से सटे एक दर्जन के लगभग गांवों में इन दिनों पानी की आपूर्ति घट गई है। पर्याप्त पेयजल नहीं मिलने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राजगढ़ के समीप लगती टिक्कर पंचायत में भी पेयजल संकट बना हुआ है। यहां के लिए करीब बारह वर्षों से निर्माणाधीन उठाऊ पेयजल योजना पूरी न होने से आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोग पानी को तरस रहे हैं।
पूर्व उप प्रधान राजेंद्र ठाकुर, रणजोत सिंह, कृष्णदत्त शर्मा व सतपाल ने बताया कि उनका एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम राजगढ़ व एसडीओ राजगढ़ से मिला था। उन्होंने शीघ्र इस योजना को पूरा करने की गुहार लगाई थी।
उधर, राजगढ़ के साथ लगती सैर जगास पंचायत के पबियाना, सैर, जगास व शकोकन आदि गांव में गर्मियों में पीने के पानी की कोई उचित व्यवस्था नहीं है। पंचायत प्रधान संजीव ठाकुर, पूर्व प्रधान नरेश ठाकुर व तरुण ने बताया कि पबियाना में सबसे अधिक समस्या है। यहां लोग हैंडपंप से पानी निकालकर काम चला रहे हैं। सैर जगास में भी स्थिति ऐसी ही है।
नेहरपाब पंचायत के चंदेश गांव में भी पिछले कई महीनों से पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। गांव के बसंत सिंह, प्रेमचंद, सुरेश, अनिल व ज्ञानचंद ने बताया कि उनकी पेयजल योजना की पाइपें विभाग ठीक नहीं कर पाया है जिस कारण यह समस्या हुई है।
उधर, सहायक अभियंता रमेश कुमार व कनिष्ठ अभियंता यशपाल शर्मा ने बताया कि पबियाना के लोगों से उन्हें अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। चंदेश में लोगों ने सड़क निर्माण के दौरान पाइपें तोड़ी हैं जिससे समस्या हो रही है। विभाग यहां के लिए नई पाइप लाइन जोड़ रहा है और शीघ्र यहां पेयजल आपूर्ति प्रारंभ होगी। टिक्कर पंचायत के लिए उठाऊ पेयजल योजना को शीघ्र विभाग प्रारंभ कर देगा।