नाहन (सिरमौर)। नाहन-रामाधौण सड़क पर झमेरिया के समीप जंगल में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। पुलिस को शव पूरी तरह से शत-विक्षिप्त हालत में बरामद हुआ है। अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। पुलिस ने मौके से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार झमेरिया से रामाधौण गांव की ओर जाने वाली सड़क के साथ जंगल में सोमवार शाम पुलिस को सड़ा गला शव मिला है। जंगल से दुर्गंध आने पर लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी थी। लिहाजा, सदर थाना नाहन के प्रभारी मानवेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और शव को जंगल से बाहर निकाला। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पाया कि शव काफी दिन पुराना है। शव के शत-विक्षिप्त हालात में पाए जाने के कारण उम्र का भी अंदाजा लगाना मुश्किल है। बहरहाल, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस आसपास के क्षेत्र में इसके बारे में पूछताछ कर रही है। उधर, मामले की पुष्टि एएसपी वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। चेहरा और अन्य हिस्से काफी सड़-गल जाने की वजह से शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।