अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
संगड़ाह क्षेत्र के सुरेंद्र कुमार को दिव्यांगों की जिला क्रिकेट टीम का कप्तान चुना गया है। जबकि यशवंत सिंह उप-कप्तान होंगे। सिरमौर जिला पैरास्पोर्ट्स एसोसिएशन ने जिला क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी है जिसमें रोहित कुमार को विकेट कीपर बनाया गया है। जबकि टीम में नरेश, रोहित, गुरविंद्र, सुरेंद्र, सुनील, मनोज, यशवंत, महेश, राम सिंह, आबिद अली, सुरजीत, हरमिंद्र सिंह को शामिल किया गया है।
दिव्यांगों की जिला क्रिकेट टीम के गठन के लिए सिरमौर जिला पैरास्पोर्ट्स एसोसिएशन (एसडीपीए) ने शनिवार को नाहन के चौगान मैदान में दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए क्रिकेट का ट्रायल आयोजित किया जिसमें जिला भर से आए दिव्यांग खिलाड़ियों ने भाग लिया।
इस दौरान प्रदेश दिव्यांग क्रिकेट संघ के महासचिव मनोज कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनकी देखरेख में ही यह क्रिकेट ट्रायल आयोजित किया गया। मनोज कुमार ने बताया कि ट्रायल में चयनित हुए खिलाड़ियों को अगले वर्ष होने वाली राज्यस्तरीय दिव्यांग क्रिकेट स्पर्धा में शामिल किया जाएगा। सुरेंद्र कुमार को उनके प्रदर्शन के आधार पर इस टीम का कप्तान नियुक्त किया है। जबकि उपकप्तान की भूमिका यशवंत सिंह को सौंपी गई है।
एसडीपीए के अध्यक्ष शक्तिचंद एवं सीईओ सुरेंद्र कुमार ने जिला क्रिकेट टीम में शामिल हुए सभी दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं प्रदान की। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करेंगे उन्हें राज्यस्तरीय प्रतियोगिता से राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धा में भी खेलने का मौका दिया जाएगा।