शिलाई (सिरमौर)। प्रदेश और केंद्र में कई सरकारें बनीं और बदल गईं लेकिन, सिरमौर जिले के दुर्गम शिलाई विधानसभा क्षेत्र को जोड़ने वाले पांवटा-फेडिज नेशनल हाईवे 707 की आज तक सुध नहीं ली गई। इस सड़क की हालत बद से बदतर हो गई है। शिलाई के उपमंडल मुख्यालय तक पहुंचने से पहले ही यह सड़क गड्ढों में तब्दील हो जाती है। शिलाई पहुंचने के लिए लोगों को गाड़ियों में हिचकोले खाने के लिए विवश होना पड़ रहा है।
हालत यह है कि सड़क पर मैटलिंग के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद जगह-जगह गड्ढे पड़े हैं। सड़क पर वाहनों का चलाना किसी खतरे से खाली नहीं है। इससे वाहन चालकों के साथ-साथ यात्रिओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस सड़क की लंबाई पांवटा से फेडिज तक 108 किलोमीटर है। सड़क पर दो चरणों में मैटलिंग की जानी थी। पहले चरण में पांवटा से बोहराड़ तक 50 किलोमीटर का कार्य हुआ लेकिन, दूसरे चरण में बेहराड़ से फेडिज पुल तक 12 करोड़ रुपये खर्च करने पर भी सड़क की हालत नहीं सुधरी। मैटलिंग उखड़ गई है, जिससे सड़क पर गड्ढे पड़ गए हैं। सड़क किनारे गार्डर की जगह पैरापिट लगाए जा रहे हैं। जबकि सड़क में सेफ्टी गार्डर लगाने की मंजूरी थी। इस सड़क पर चंद दिनों में ही मैटलिंग उखड़ गई। लोगों ने सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए बाकायदा शिकायत कर जांच की मांग की थी लेकिन, इस ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया। इसका खामियाजा अब जनता को भुगतना पड़ रहा है।
क्या कहते हैं शिलाई के नेता
शिलाई विस क्षेत्र के विधायक और कांग्रेस नेता हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि बोहराड़ से फेडिज पुल तक सड़क की दयनीय दशा किसी से छिपी नहीं है। मैटलिंग सही नहीं होने के कारण यह कुछ माह बाद ही उखड़ गई। इस कार्य में विभाग के अधिकारियों की भी लापरवाही रही है। इससे सरकार को करोड़ों रुपये का चूना लगा है। मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।
डबल लेन किया जाएगा एनएच : तोमर
शिलाई के पूर्व विधायक और खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव सिंह तोमर ने बताया कि एनएच 707 को डबललेन किया जाएगा। इसके लिए 13.50 करोड़ रुपये भी स्वीकृत हुए हैं। आचार संहिता से पूर्व इसका ऑनलाइन शिलान्यास भी हो गया है। उन्होंने बताया कि चुनाव के बाद डबल लेन सड़क का कार्य शुरू हो जाएगा