अमर उजाला ब्यूरो
संगड़ाह (सिरमौर)।
संगड़ाह की लुधियाना पंचायत के धमास गांव में एक कथा के सहभोज के बाद पूरा गांव बीमार पड़ गया। इस कार्यक्रम में शरीक न होने वाले तीन परिवार ही बीमारी से बच पाए बाकि पूरे गांव के बच्चों से लेकर नौजवान व बुजुर्गों को फूड प्वाइजनिंग ने अपनी चपेट में ले लिया।
खराब खाना खाने से अचानक लोगों को पेट दर्द शुरू हुई। इसके बाद उल्टी व दस्त का सिलसिला भी शुरू हो गया। रविवार को संगड़ाह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सिर्फ आधा दर्जन के करीब मरीज अस्पताल पहुंचे थे। सोमवार को पूरा गांव अस्पताल पहुंच गया। एक के बाद एक मरीज अस्पताल पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग भी दहशत में आ गया।
फूड प्वाइजनिंग से गंभीर अवस्था में 8 लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। जबकि, 37 लोगों को उपचार के बाद घर भेज दिया। उधर, अस्पताल में मरीजों के पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग भी चौकन्ना हो गया। विभाग ने एक टीम गांव के लिए भेज दी जहां लोगों के बीमार पड़ने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार 17 नवंबर को धमास गांव में एक कथा का आयोजन किया गया था। इसके अगले दिन गांव में सहभोज (भंडारा) भी लगाया गया। इस दौरान गांव के तीन परिवारों ने सहभोज में शिरकत नहीं की है, बाकि पूरा गांव इस कार्यक्रम में शरीक हुआ। बताया जा रहा है कि भंडारे के दौरान दाल जल्दी पकाने के लिए फिटकरी या फिर सोडे का प्रयोग किया गया। भंडारा खाने के बाद ही कुछ लोगों के पेट दर्द की शिकायत शुरू हो गई। रात के समय कई लोगों को उल्टी व दस्त लगना भी शुरू हो गया।
बाक्स--
अस्पताल में इनका चल रहा उपचार
अस्पताल में विशाल (10), अरूणा (7), बसंती (40), सरिता (12), करिश्मा (14), सपना (19), सदानंद (12) व हीरा सिंह (50) को अस्पताल में भर्ती किया गया है। इसके अलावा धमास गांव के ही रामगोपाल, मनीषा, बिंदा, राजेश, अनीषा, शांति, अरुणा, अशोक, दीपिका, प्रियंका, पारस (4 माह), संतोष, सतपाल, सुगम, लक्ष्मी, मीनाक्षी, रोबिन, कुलदीप, प्रीतम, परिधि, ललित, डिंपल, करिश्मा, अरूण, समीर, राजन, लीला देवी, सुमन, जीवन सिंह, कौशल्या, विनोद, कलमी देवी, शांति, रविंद्र, सोनिका, यशपाल, महेंद्र, अरुण व आर्यन को इलाज के बाद घर भेजा गया।
---
फूड प्वाइजनिंग से हुए बीमार
उधर, बीएमओ डॉ. संदीप शर्मा ने बताया कि फूड प्वाइजनिंग से लोग बीमार हुए हैं। उन्होंने बताया कि विभाग ने गांव के लिए एक टीम जांच के लिए भेज दी है। 8 लोगों को उपचार के लिए भर्ती किया गया है। जबकि अन्य को घर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि अब स्थिति कंट्रोल में हैं।