अमर उजाला ब्यूरो
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक नगरी कालाअंब के हरियाणा की सीमा पर स्थित रिहायशी इलाकों में हरियाणा की एक सामाजिक संस्था नवजीवन के पदाधिकारियों ने डेंगू के प्रति प्रवासी लोगों को जागरूक किया। संस्था के कार्यकर्ताओं ने लोगों को रोग के कारण और इसकी रोकथाम के बारे में जानकारी भी दी।
गौरतलब है कि कालाअंब में डेंगू के आधा दर्जन मरीज सामने आने के बाद प्रदेश स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र का दौरा किया था और जरूरी दवाइयां भी बांटीं लेकिन मरीजों की संख्या में कमी होने की अपेक्षा बढ़ोतरी हुई।
अधिकांश प्रवासी लोग इसकी चपेट में ज्यादा आए हैं। इसका मुख्य कारण प्रवासी लोगों में शिक्षा व जागरूकता का अभाव होना माना जा रहा है। इसी के मद्देनजर नवजीवन सामाजिक संस्था ने रविवार को डेंगू के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जिसके तहत इलाके के कई घरों में पानी के टैंकों, ड्रमों तथा बाल्टियों को ढककर रखने के साथ-साथ पानी जमा न होने देने व साफ-सफाई के लिए विशेष जानकारी दी गई।
संस्था के अध्यक्ष लेखराज शर्मा ने बताया कि कालाअंब क्षेत्र में प्रवासी मजदूरों की जनसंख्या ज्यादा है जिनमें अधिकतर लोग अशिक्षित हैं। जो कोई भी रोग होने पर नीम हकीमों के चक्कर में पड़ जाते हैं। ऐसे लोगों को विशेष जागरूकता अभियान के तहत जागरूक किया जा रहा है। साथ ही पानी भंडारण टैंकों, ड्रमों तथा अन्य खुले टैंकों को ढक कर रखने व साफ-सफाई के बारे में बताया गया। इस अभियान में कोमल, विमल, रेखा, अभिनंदन व मुलखराज भी उपस्थित रहे।