ददाहू (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले में विभिन्न विभागों ने विकास प्रदर्शनियां लगा रखी है। आयुर्वेदिक विभाग की प्रदर्शनी में एक्यूप्रेशर ट्रैक लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
मेले में आए लोग ट्रैक पर दौड़ने की होड़ में लगे हुए हैं। आयुर्वेदिक विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने प्राचीन प्रद्धति के अनुसार इस ट्रैक को स्वयं तैयार किया है। पत्थरों से बने इस एक्यूप्रेशर ट्रैक में नंगे पैर दौड़ने से शरीर की मांसपेशियां मजबूत होती हैं। पूरे शरीर पर प्राकृतिक तौर पर दबाव बनता है।
कई तरह की बीमारियों से निजात मिलती है।इसके अतिरिक्त पुत्र जीवक पौधा और पंचगुण तेल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. केआर मोगटा ने बताया कि विभाग की इस प्रदर्शनी में नए प्रयास किए गए हैं।
प्राचीन आयुर्वेदिक पद्धति और जड़ी बूटियों के संरक्षण की जानकारी प्रदान की जा रही है। उधर, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और ग्रामीण विकास विभाग की प्रदर्शनी में सिरमौर जिले का मॉडल भी लोगों की उत्सुकता का केंद्र बना हुआ है।