बीडीओ कार्यालय नाहन में हड़ताल पर बैठे जिला परिषद कैडर के कर्मचारी। संवाद
- फोटो : NAHAN
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिला परिषद कैडर कर्मचारियों व अधिकारियों की कमल छोड़ हड़ताल आठवें दिन भी जारी है। ग्राम पंचायतों में कार्यवाही लिखने का जिम्मा पंचायत सचिवों का रहता है। रविवार को पांवटा ब्लॉक की 11 पंचायतों में ग्राम सभाओं को आयोजन करवाया गया। किसी भी पंचायत में कोरम पूरा नहीं हो सका। अब 6 जुलाई को होने वाली ग्राम सभाओं के लिए सिलाई शिक्षिकाओं व ग्राम रोजगार सेवकों को ग्राम सभा कार्यवाही की जिम्मेदारी रहेगी।
बता दें कि पांवटा विकास खंड के करीब 32 पंचायत सचिव, 21 तकनीकी सहायक, पांच सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ सहायक कलम छोड़ हड़ताल में है। 3 जुलाई को पांवटा ब्लॉक की ग्राम पंचायत बहराल, नघेता, भैला, शिवपुर, मुगलावाला करतारपुर, मालगी, हरिपुरखोल, कुंडियों, छछेती, जामनीवाला व मधाना में ग्राम सभा आयोजित की गईं। इनमें आरडीडी के तहत नियमित पंचायत सचिव तैनात हैं।
इन पंचायतों में भी रविवार को कोरम पूरा नहीं हो सका। पांवटा ब्लॉक के पंचायत निरीक्षक राजेंद्र मणि ने 11 पंचायतों में ग्राम सभा कोरम पूरा नहीं हो पाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अब कुछ पंचायतों में 6 जुलाई को होने वाली ग्राम सभा में पंचायतीराज विभाग ने ग्राम रोजगार सेवकों व सिलाई अध्यापिकाओं को कार्यवाही लिखने का जिम्मा सौंपा है।
पांवटा में कलम छोड़ हड़ताल पर बैठे जिला परिषद कैडर कर्मचारी। संवाद- फोटो : NAHAN