पुरुवाला के 22 निर्धन परिवारों को मिलेंगे मकान
आदर्श ग्राम योजना के तहत सांसद ने दी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
संासद आदर्श ग्राम योजना के तहत सिरमौर जिले के पांवटा विकास खंड की गोद ली गई ग्राम पंचायत पुरुवाला में 22 निर्धन परिवारों के लिए मकान स्वीकृत किए गए हैं। उपायुक्त कार्यालय में संासद आदर्श ग्राम योजना के तहत चयनित ग्राम पंचायत पुरुवाला में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद वीरेंद्र कश्यप ने यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि ग्राम योजना के तहत चयनित गांव में लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने ग्राम पंचायत पुरुवाला के जन प्रतिनिधियों और सरकारी विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया कि वे संासद आदर्श ग्राम पुरुवाला के लिए क्रमवार योजनाएं बनाकर वहां आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पुरुवाला ग्राम पंचायत में पात्र आवासहीन परिवारों के लिए 22 मकान स्वीकृत किए गए हैं। इनमें 19 मकान प्रधानमंत्री आवास योजना और तीन मुख्यमंत्री आवास योजना में शामिल हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि वह 30 अप्रैल तक ग्राम पंचायत पुरुवाला के सभी ग्रामवासियों के स्वास्थ्य कार्ड बनाए जाएं। साथ ही चिकित्सा शिविर लगाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच भी की जाए। उन्होंने पशुपालन विभाग से कहा कि वह इस पंचायत में लोगों के पशुओं का पंजीकरण और उनके स्वास्थ्य कार्ड भी बनाए। इस अवसर पर उपायुक्त सिरमौर ललित जैन ने कहा कि संासद आदर्श ग्राम पुरुवाला में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना सभी विभागों का दायित्व है। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त आदित्य नेगी, एसडीएम नाहन विवेक शर्मा, जिला परिषद सदस्य दयाल प्यारी, प्रधान ग्राम पंचायत पुरुवाला कलम सिंह, उपप्रधान ओम प्रकाश, बीडीसी सदस्य करनैल सिंह के अतिरिक्त सभी विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।