नाहन (सिरमौर)।
डॉ. वाईएस परमार के गृह जिला सिरमौर में कांग्रेस भले ही एक सीट की बढ़त के साथ दो सीटें जीतने में कामयाब हुई हो लेकिन मत प्रतिशतता में बुरी तरह से पिछड़ गई है। तीन सीटें जीतकर तो भाजपा ने बढ़त बना ही ली थी, 49.24 प्रतिशत मत हासिल कर भी भाजपा सबसे बड़े दल के रूप में उभर कर सामने आई है। कांग्रेस को इस बार 44 प्रतिशत वोट पर ही संतोष करना पड़ा।
दिलचस्प यह रहा कि सियासी पिच में जो भी राजनीतिक धुरंधर जीता उसने अपने वोट बैंक को भी बढ़ाया। सिरमौर में जीतने वाले नेताओं ने वर्ष 2012 में गिरे ग्राफ को संभालते हुए जोरदार वापसी की है। नाहन विधानसभा क्षेत्र में डॉ. राजीव बिंदल की जीत का मार्जिन घटा जरूर है लेकिन मत प्रतिशतता में बिंदल पिछले चुनाव की अपेक्षा कहीं आगे निकल गए हैं। 50 प्रतिशत मत हासिल किए हैं।
जबकि वर्ष 2012 के चुनाव में 12 हजार से अधिक मतों से जीत हासिल कर भी बिंदल 47.69 प्रतिशत मत ले पाए थे, यानि इस बार उन्होंने अपने वोट बैंक में लगभग तीन प्रतिशत का इजाफा किया। पिछले चुनाव में कांग्रेस को महज 23.67 प्रतिशत वोट पड़े थे, जबकि लोजपा के खाते में 15.50 वोट आए थे। इस बार स्ट्रेट फाइट का कांग्रेस को भी फायदा मिला है। डॉ. राजीव बिंदल को कड़ी टक्कर देते हुए कांग्रेस के सोलंकी ने 27009 मत हासिल किए, जो कुल मतों का 43 प्रतिशत है।
पांवटा में भाजपा के सुखराम चौधरी ने शानदार वापसी की है। सुखराम ने 12619 मतों की बढ़त हासिल कर न केवल जीत दर्ज की बल्कि अपने वोट बैंक को 42.57 से बढ़ाकर 59.74 तक पहुंचा दिया। 2012 के चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे किरनेश जंग सब पर भारी पड़े थे। उन्होंने कुल 44 प्रतिशत मत लिए थे। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी तीसरे नंबर पर रहे और उन्हें महज 11.43 फीसदी वोट पड़े।
गिरिपार के शिलाई विधानसभा में भी कांग्रेस के हर्षवर्धन चौहान ने शानदार वापसी की है। हर्षवर्धन ने 29171 मत लेकर अपने वोट बैंक को 52.9 प्रतिशत तक पहुंचा दिया। 2012 में हर्ष ने 45.30 प्रतिशत मत लिए थे। यहां भाजपा के बलदेव तोमर पिछड़ गए। पिछले चुनाव में बलदेव ने 49.53 प्रतिशत मत लिए थे, जबकि इस बार वह 42 प्रतिशत वोट ही ले पाए।
पच्छाद में वर्ष 2012 में सुरेश कश्यप ने 50 प्रतिशत और कांग्रेस के जीआर मुसाफिर ने 45 प्रतिशत वोट लिए थे। जबकि इस बार सुरेश कश्यप 55 प्रतिशत तक पहुंचने में कामयाब रहे। वहीं, दिग्गज नेता जीआर मुसाफिर 45 प्रतिशत से घट कर 43.40 पर रह गए।
उधर रेणुका विधानसभा क्षेत्र में इस बार कांग्रेस ने जीत हासिल की है। जीत का मार्जिन भी 655 से बढ़कर 5160 पहुंच गया लेकिन मत प्रतिशतता में यहां कांग्रेस पिछड़ गई। इस बार कांग्रेस को रेणुका में 43 प्रतिशत वोट मिले, जबकि पिछले चुनाव में कांग्रेस को 48 प्रतिशत मतों के साथ जीती थी। इस बार भाजपा का वोट बैंक 32 से बढ़कर 46 प्रतिशत तक पहुंच गया। इस बार निर्दलीय तौर पर मैदान में उतरे पूर्व विधायक हिरदा राम ने भी 12 हजार से अधिक मत हासिल कर राजनीतिक समीकरण बिगाड़े हैं।
------
--------बॉक्स के लिए--
विस नेता पार्टी मत पड़े प्रतिशत
नाहन राजीव बिंदल भाजपा 31142--50
नाहन अजय सोलंकी कांग्रेस 27009-- 43
----------------------------------
पच्छाद सुरेश कश्यप भाजपा 30243-- 55
पच्छाद जीआर मुसाफिर कांग्रेस 23816-- 43.40
-----------------------------------
रेणुका विनय कुमार कांग्रेस 22028-- 43
रेणुका बलवीर चौहान भाजपा 16868-- 32.96
-----------------------------------
पांवटा सुखराम चौधरी भाजपा 36011-- 59.74
पांवटा किरनेश जंग कांग्रेस 23392-- 38.81
-----------------------------------
शिलाई हर्ष वर्धन चौहान कांग्रेस 29171-- 52.9
शिलाई बलदेव तोमर भाजपा 25046-- 42.42
=========================