सचित्र-3
मोहित और आकांक्षा चुने गए सर्वश्रेष्ठ छात्र-छात्रा
बिरला स्कूल ने धूमधाम से मनाया वार्षिक समारोह
स्कूल के होनहारों को दिए गए नकद इनाम
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
रावमापा बिरला का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम में शुगलू ग्रुप के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक एलडी शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। जबकि, धावक सुनील शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम का आगाज मुख्यातिथि ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए। स्कूल की छात्रा श्वेता, आकांक्षा, अनुष्का, नीशु ने स्वागत गीत व सरस्वती वंदना, सिमरन ने भाषण, रोहित ने भजन सुनाया। ज्योति, सविता व सखियों ने ठण्की नाटी, अंजली, प्रीति व सखियों ने पटाखे पौण नूं, अनुष्का व श्वेता ने ऐसा देश है मेरा, गरिमा, तनुजा, मुस्कान व सखियों ने ढोलना, पूनम, प्रीति व नीशु ने मेंहदी ओ हो मेंहदी, दीक्षिका, मोनिका व ज्योति ने इक राधा इक मीरा, गुरविंद्र, आयुषी, अवंतिका, महिमा, शगुन व सखियों ने सिरमौरी लोकगीत पर.. नृत्य पेश कर खूब तालियां बटोरी। जबकि महेश, वंश, निखिल, आयुष ने लकड़ी की काठी, गीत पर मनमोहक नृत्य पेश किया।
इससे पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य बीआर राणा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बलवंत सिंह व सदस्यों ने मुख्यातिथि व वशिष्ठ अतिथि को शॉल व टोपी पहना कर सम्मानित किया गया। अकादमिक गतिविधियों में अव्वल रही अवंतिका, आशी, ज्योति, गरिमा व कौस्तु, उर्वशी, आकांक्षा व दलीपा को प्रथम और आयुषी, गुंजन, सिमरन, मोहित, नेहा, प्रीतिका व विजय को द्वितीय के लिए पुरस्कृत किया गया।
इस मौके पर मुख्यातिथि ने स्कूल के सभी बच्चों को एक-एक स्कूल बैग, रजिस्टर व पैन प्रदान किया। जबकि 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली आकांक्षा व उर्वशी को 10 हजार रुपये प्रदान किए। उन्होंने घोषणा की कि 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र को एक लाख रुपये प्रदान करेंगे। इस दौरान एसएमसी अध्यक्ष बलवंत सिंह ने विद्यालय फंड में 2100 व पंचायत प्रधान सुनील शर्मा ने 2000 रुपये प्रदान किए। हिंदी प्रवक्ता मदन शर्मा ने 12वीं की परीक्षा में हिंदी विषय में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विजय, दलीपा व शिवानी को अपनी ओर से 501 रुपये की राशि प्रदान की।
----पंकज तन्हा