नवमीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थी इस परीक्षा में ले सकेंगे भाग
पंकज तन्हा
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले मेधावी छात्रों के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश सरकार और क्रैक एकेडमी के बीच हुए समझौते के तहत 29 मई को राज्यव्यापी छात्रवृत्ति परीक्षा मेरे शहर के 100 रत्न आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के माध्यम से प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों से 100-100 मेधावी छात्रों का चयन किया जाएगा, जिन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त कोचिंग प्रदान की जाएगी।
उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, यह परीक्षा प्रदेश के सभी सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र भाग ले सकेंगे।
इस परीक्षा में पारदर्शिता के लिए निदेशालय ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। इसमें परीक्षा में निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी अनिवार्य होगी। सरकारी स्कूलों के साथ-साथ निजी स्कूलों के इच्छुक छात्रों को भी इस परीक्षा में बैठने की अनुमति दी गई है। स्कूलों के प्रिंसिपलों को पर्याप्त संख्या में पर्यवेक्षक और एक वरिष्ठ शिक्षक को केंद्र अधीक्षक के रूप में नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस पूरी कवायद का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के उन प्रतिभाशाली छात्रों को आगे लाना है, जो आर्थिक कारणों से महंगी कोचिंग नहीं ले पाते। कुल 6,800 छात्रों को इस योजना के तहत मुफ्त कोचिंग का लाभ मिलेगा। शिक्षा विभाग ने सभी उप-निदेशकों को निर्देश दिए हैं कि वे छात्रों को इस परीक्षा के प्रति प्रेरित करें ताकि उनके सीखने के स्तर का भी मूल्यांकन हो सके।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय राघव ने बताया कि 29 मई को जिले के सभी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में यह मेरे शहर के 100 रत्न छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें सरकारी और निजी स्कूलों के नवमीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थी भाग लेंगे। परीक्षा में पारदर्शिता के लिए पूरे प्रबंध किए जा चुके हैं।
संवाद