टीवी उन्नमूलन अभियान के अंतर्गत पंचायतों को मिला यह सम्मान
संवाद न्यूज एजेंसी
संगड़ाह (सिरमौर)। स्वास्थ्य खंड संगड़ाह के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने टीबी उन्मूलन अभियान के तहत विकासखंड की 10 टीबी मुक्त पंचायतों को सम्मानित किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने की। इस दौरान बीएमओ डॉ. सुनील कक्कड़ सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और माय भारत वॉलंटियर्स मौजूद रहे।
टीबी मुक्त पंचायतों को प्रोत्साहन के लिए एक स्वर्ण, तीन रजत और छह कांस्य पुरस्कार के साथ प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए। भाटन भजोंड पंचायत को स्वर्ण, नौहराधार, देवा मानव और सांगना को रजत तथा सैरतंदुला, लाना पालर, बियोंग टटवा, रजाना, भलौना और सैंज पंचायतों को कांस्य पुरस्कार दिया गया।
बीएमओ डॉ. सुनील कक्कड़ ने पंचायत प्रधानों को टीबी उन्मूलन अभियान की जानकारी देते हुए उनसे ‘निक्षय मित्र’ बनने और अन्य सक्षम लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में एचपीवी टीकाकरण को लेकर भी पंचायत प्रधानों को जानकारी दी गई। उनसे अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र बालिकाओं और उनके अभिभावकों को एचपीवी वैक्सीनेशन के प्रति जागरूक करने तथा इसके लाभों की जानकारी समुदाय तक पहुंचाने का आग्रह किया गया।