रात करीब 8:20 बजे मंत्री हर्षवर्धन चौहान जैसे ही मंच पर पहुंचे महापौर सुरेंद्र चौहान, उपमहापौर उमा कौशल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जनता ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद गायक राजेश त्यागी के गीतों पर मंत्री हर्षवर्धन चौहान भी खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। राजेश त्यागी ने बस गए दिलों रे मेरे प्यारिये गीत गाया। हिमाचल एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित गायिका पूनम भारद्वाज ने मंच संभालते पर आते ही ऐसी दीवानगी देखी नहीं... हरी ककड़ी...जैसे गीत गाकर तालियां बटोरीं।
वहीं नाटी क्वीन के नाम से मशहूर सावी शर्मा ने अपनी दमदार डांस परफॉर्मेंस से दर्शकों का दिल जीत लिया। रात करीब 9:30 बजे दिलीप सिरमौरी ने मंच पर दस्तक दी। उन्होंने तेरी शंगरी... सहित कई लोकप्रिय पहाड़ी नाटियां गाईं। इससे पहले विनोद रांटा, रिंकू राजपूत ने प्रस्तुति दी। सोनू भारद्वाज, राकेश शर्मा, राम किशन शर्मा, पंकज ठाकुर ने भी दर्शकों का मनोरंजन किया। कार्यक्रम के दौरान उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने पर्यटकों का हिमाचल में स्वागत किया और उन्हें स्वच्छता बनाए रखने को लेकर संदेश भी दिया। विंटर कार्निवल देखने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे थे।
इस दौरान युवाओं ने पहाड़ी नाटियों पर जमकर डांस किया। विंटर कार्निवल एक जनवरी तक चलेगा। इस अवसर पर महापौर सुरेंद्र चौहान, उपमहापौर उमा कौशल, आयुक्त भूपेंद्र अत्री, संयुक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा पार्षद किरन शर्मा, अंकुश वर्मा, शीनम कटारिया, सीएचओ डॉ. अंजलि चौहान मौजूद रहे।
लालपानी स्कूल के छात्र आज देंगे प्रस्तुति
विंटर कार्निवल की चौथी सांस्कृतिक संध्या में लालपानी स्कूल के छात्र नाटी पर प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा शिवांगी मुलटा, पंजाबी सिंगर करण गिल और ललित, किंगपाल सिंह सुकेती, जयप्रकाश तथा रमना भारती प्रस्तुतियां देंगे। जितेंद्र चौहान, शालू धीमान, हेमंत शर्मा और पॉप स्टार इंद्रजीत सिंह और राजीव राजा भी कार्यक्रम पेश करेंगे। इसके अलावा दिन में भी कई कार्यक्रम होंगे।