राजकीय टीजीटी कला संघ ने शिक्षकों को पूर्णकालिक शिक्षण के साथ अंशकालिक जनगणना कार्य सौंपने का विरोध किया है। संघ ने इस मामले को हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में चुनौती देने का फैसला लिया है। शिक्षकों का कहना है कि उन्हें जनगणना-2027 के लिए असमान समय दिया जा रहा है, जिससे कार्य पूरा करना असंभव होगा। संघ के प्रदेश महासचिव विजय हीर ने बताया कि गैर-शिक्षकों को जो काम आठ घंटे में करना है, वही शिक्षकों को दो से तीन घंटे में एक माह तक करना होगा। उन्होंने 11 जून को हमीरपुर के जिलाधीश से मिलकर पूर्णकालिक जनगणना कार्य के लिए ज्ञापन सौंपा था। हालांकि, जिलाधीश ने 12 जून को जारी पत्र में केवल समीप के वार्ड आवंटित करने की बात कही, जिससे मूल समस्या का समाधान नहीं हुआ। हीर के अनुसार 16 जून से 15 जुलाई 2026 तक गृह गणना का कार्य निर्धारित है।