प्रदर्शन में लोगों समेत कई पुलिस कर्मी घायल
राजधानी शिमला के संजौली बाजार में हिंदूवादी संगठनों के प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज में प्रदर्शनकारियों के साथ कई पुलिस कर्मी भी घायल हुए हैं। घायलों को एंबुलेंस में उपचार के लिए आईजीएमसी भेजा गया। संजौली बाजार में दोपहर साढ़े 12 बजे के करीब भीड़ के उग्र होते लाठीचार्ज किया गया। इस कारण मची भगदड़ में कुछ लोगों को सिर तो कुछ को पैरों में चोटें आईं। घायलों का आईजीएमसी के आपातकालीन विभाग में उपचार किया गया। इसके बाद टेस्ट करवाने के लिए रेडियोलॉजी विभाग में भेजा। यहां पर पुलिस कर्मियों के अलावा लाठीचार्ज में घायल लोगों के पैरों में प्लास्टर चढ़ाए गए। इसके अलावा जिनके सिर में चोटें लगी थीं उनके सीटी स्कैन टेस्ट किए।
जयराम ठाकुर पहुंचे आईजीएमसी, घायलों का जाना हाल
शाम 6:45 बजे पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आईजीएमसी में आकर घायलों का हालचाल पूछा। उन्होंने मौके पर मौजूद सभी उपचाराधीन घायलों का हालचाल जाना। घायलों में दिनेश (32), प्रवीण (25), भूपेंद्र (33), राजू (53), पूजा (25), खेमराज (28), शिवानी, निशांत (36), साहिल (24) और शुभम (22) शामिल हैं। आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल राव ने बताया कि अस्पताल में 12 घायल उपचार के लिए आए थे। एक महिला पुलिस कर्मी की रीड़ की हड्डी में चोट आई है जिसे दाखिल कर दिया है। अन्य चिकित्सकों की निगरानी में रखा जिन्हें देररात तक घर भेज दिया जाएगा।