राजधानी की संजौली मस्जिद में हुए अवैध निर्माण को गिराने के लिए मस्जिद कमेटी के बाद अब वक्फ बोर्ड भी तैयार हो गया है। बोर्ड के स्टेट ऑफिसर कुतुबदीन ने शुक्रवार को नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री से मिलकर इस बारे में बोर्ड के लिए फैसले का पत्र सौंपा है। इस मामले में एक दिन पहले वीरवार को मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद लतीफ और अन्य सदस्य नगर निगम आयुक्त से मिले थे। इन्होंने लिखित आवेदन दिया है कि कमेटी मस्जिद में हुए अवैध निर्माण को गिराने के लिए तैयार है। यदि नगर निगम इसे गिराने के आदेश देता है तो कमेटी खुद यह अवैध निर्माण तोड़ देगी।
उधर, नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री ने कमेटी के आवेदन मिलने के बाद वक्फ बोर्ड से भी जवाब मांगा था। पूछा था कि क्या वक्फ बोर्ड भी मस्जिद कमेटी के फैसले से सहमत है। इस पर अब बोर्ड से जवाब आ गया है। वक्फ बोर्ड का कहना है कि ढाई मंजिल से ऊपर किया गया निर्माण मस्जिद कमेटी ने किया है। बोर्ड ने कभी बिना नक्शे निर्माण करने के लिए नहीं कहा। अब जब मस्जिद कमेटी ही खुद अवैध निर्माण गिराना चाहती है तो इस पर बोर्ड को कोई आपत्ति नहीं है। बोर्ड के स्टेट ऑफिसर कुतुबदीन ने कहा कि आयुक्त को इस बारे में पत्र भी दे दिया है।