पुलिस ने भट्ठाकुफर क्षेत्र में एक बुजुर्ग समेत दो लोगों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। स्पेशल सेल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक घर में दबिश देकर यह कामयाबी हासिल की है। मामले को आगामी कार्रवाई के लिए संजौली पुलिस स्टेशन के सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस के अनुसार स्पेशल सेल की टीम बुधवार को क्षेत्र में गश्त कर रही थी। आरोपियों की पहचान वीरचंद निवासी कुमारसैन और 75 वर्षीय सुनील निवासी संजौली के रूप में हुई है। इस दौरान पुलिस टीम को चिट्टे के बारे में गुप्त सूचना मिली। पुलिस ने इसी आधार भट्ठाकुफर क्षेत्र में एक घर में दबिश देकर दो लोगों से 6.580 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 29 के तहत केस दर्जकर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तलाशी के दौरान एक अधजला नोट भी बरामद किया है। इसके बाद आरोपियों को संजौली पुलिस स्टेशन जाकर आगामी कार्रवाई अमल में लाई है। पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर मामले की छानबीन करेगी। एसएसपी शिमला संजीव कुमार गांधी ने बताया कि पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है। मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है।
सोलन में प्रवासी व्यक्ति के कमरे से पकड़ा 2.31 ग्राम चिट्टा
बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल (एक्स) ने बाईपास रोड के समीप एक व्यक्ति के कमरे से 2.31 ग्राम चिट्टा और 3000 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान सोनू कुमार, निवासी जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) की तहसील जामसठ के रूप में हुई है। एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह चिट्टा कहां से लेकर आया था।