गरीबों के लिए शहर में बने थे 90 आवास
केंद्र सरकार के आशियाना-2 प्रोजेक्ट के तहत नगर निगम ने शिमला के ढली में गरीब परिवारों के लिए पक्के मकान बनाए हैं। यहां पर 90 से अधिक आवास बने हैं। इनका वर्ष 2016 से 2020 के बीच आवंटन किया है। इन आवासों के लिए गरीब परिवारों से आवेदन मांगे थे। इसमें ऐसे बीपीएल परिवार जिनके पास न जमीन है न ही रहने के लिए अपना घर, उन्हें आवास आवंटित किए जाने थे। आवासों के आवंटन के बाद नगर निगम को इस बारे में कई शिकायतें मिली हैं कि कई रसूखदारों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आवास हासिल किए हैं। इन सभी मामलों की नगर निगम जांच कर रहा है। इसी तरह के एक मामले में गड़बड़ी की बात सामने आने के बाद निगम प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। नगर निगम के एसई कम प्रोजेक्ट डायरेक्टर अभियंता धीरज कुमार ने बताया कि विभागीय जांच में फर्जी बीपीएल प्रमाणपत्र से आवास हासिल करने की बात सामने आई है। ढली पुलिस स्टेशन में इस बारे में शिकायत दी है।