थानाधार में विजय स्टोक्स के बगीचे का प्रबंधन देखकर प्रदेश के बागवानी सचिव सी पालरासू भी हैरान रह गए। स्टोन फ्रूट कॉन्क्लेव के बाद बागवानी विभाग के सचिव सी पालरासु ने आईआईटी कानपुर से सेवानिवृत्त प्रोफेसर 86 वर्षीय विजय स्टोक्स के बगीचे का दौरा कर उनकी बागवानी तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। विजय स्टोक्स ने बताया कि सही गुरु, सही किस्म और सही पौध (प्लांटिंग मटीरियल) ही सफल बागवानी का मंत्र है। यदि बगीचे में विशेषज्ञों की सलाह से काम किया जाए, ऊंचाई और जलवायु के अनुसार सही किस्म लगाई जाए और विश्वसनीय पौध लगाई जाए तो आपको कामयाब होने से कोई नहीं रोक सकता।
विजय स्टोक्स ने कहा कि देश और विदेश के जानकार वैज्ञानिकों ने बगीचा लगाने और सेब उगाने को लेकर उन्हें जो बताया, उन्होंने सिर्फ वही किया। बागवानी विभाग के सचिव सी पालरासु ने बताया कि विजय स्टोक्स ने बेहतर तरीके से बगीचा तैयार किया है। विजय का मंत्र है कि जानकार वैज्ञानिक की सलाह से जो बागवानी करेगा, वही सफल होगा। बागवानी विभाग भी प्रदेश के बागवानों से यही आग्रह कर रहा है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली जानकारी से बचें और अपने नजदीकी बागवानी विशेषज्ञ की सलाह पर ही काम करें।