ब्यास नदी में बहे हैदराबाद के इंजीनियरिंग छात्रों की तलाश और प्रभावी ढंग से जारी रखने के लिए तेलंगाना सरकार ने केंद्र सरकार से अतिरिक्त सुरक्षा बल मुहैया करवाने का आग्रह किया है।
वहीं मंडी में दोपहर तीन बजे के बाद भारी बारिश होने से बचाव कार्य बाधित हुआ है।
रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए तेलंगाना सरकार के अधिकारियों ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से बातचीत की। इसमें सरकार ने सर्च ऑपरेशन के लिए 500 अतिरिक्त जवान केंद्र सरकार को घटना स्थल पर भेजने को कहा है।
तेलंगाना सरकार ने मदद मांगी
मंडी में पिछले तीन दिनों से बचाव कार्य का जायजा लेने के लिए पहुंचे तेलंगाना के गृह मंत्री नरसिम्हा रेड्डी ने बुधवार को अमर उजाला से बातचीत में बताया कि तीन दिनों के रेस्क्यू ऑपरेशन में अभी तक सिर्फ 6 छात्रों के शव ही मिल पाए हैं।
अभी भी एक टूअर गाइड सहित 18 छात्रों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। ऐसे मे छात्रों की तलाश के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में तेलंगाना सरकार के अधिकारियों ने केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मिलकर स्थिति से अवगत करवाया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि केंद्र सरकार इस संबंध में जल्द ही उचित कार्रवाई करेगी।
बारिश से सर्च ऑपरेशन रूका
मंडी में बुधवार दोपहर बाद तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे कि सर्च ऑपरेशन को रोकना पड़ा। तेज बारिश होने से नदी में पानी का बहाव भी बढ़ गया है। ऐसे में बचाव दलों को छात्रों की तलाश में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सूचना के मुताबिक इसी दौरान बचाव दल की एक रॉफ्ट नदी में पत्थरों के बीच फंस गई थी।
हालांकि इस पूरे घटनाक्रम में किसी भी जवान को चोटें नहीं आई है। थोड़ी देर के भीतर ही रॉफ्ट को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया गया।
शव परिजनों को सौंपा
बुधवार को नदी में मिले इंजीनियरिंग छात्र की शिनाख्त मोहम्मद साबिर हुसैन के तौर पर हुई है। बचाव दल ने हनोगी के समीप से शव को बरामद किया था।
इसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव को पंडोह डैम के समीप ठहरे परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। जब शव को मौके पर लाया गया तो पूरा माहौल गमगीन हो गया।