सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी ने प्राक शास्त्री प्रथम वर्ष की अनुपूरक परीक्षाओं की संभावित डेटशीट जारी कर दी है। अक्तूबर और नवंबर 2026 में प्रस्तावित परीक्षाएं दोपहर 2 बजे से शुरू होंगी। पहली परीक्षा 12 अक्तूबर को व्याकरण की होगी। इसके बाद 14 अक्तूबर को काव्य नाटक, 16 अक्तूबर को रचना अनुवाद एवं गद्य-पद्य, 21 अक्तूबर को दर्शन, 23 अक्तूबर को अंग्रेजी और 27 अक्तूबर को हिंदी की परीक्षा होगी। अंतिम परीक्षा में इतिहास और राजनीतिक विज्ञान विषय शामिल हैं। परीक्षाओं के लिए राजकीय महाविद्यालय चंबा, राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला, राजकीय महाविद्यालय कुल्लू और राजकीय संस्कृत महाविद्यालय पुराना बाजार सुंदरनगर को केंद्र बनाया गया है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. सुनील ठाकुर ने बताया कि डेटशीट संभावित है। विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की ओर से जारी होने वाली आगामी सूचनाओं पर नजर रखने की सलाह दी गई है।