रिकांगपिओ (किन्नौर)। कोरोना महामारी के दौर में प्रदेश में हुए सैनिटाइजर और पीपीई किट घोटाले की युवा कांग्रेस किन्नौर ने निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। घोटाले को लेकर युकां ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग की है। शनिवार को युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रताप नेगी की अध्यक्षता में उपायुक्त किन्नौर के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा।
कोरोना संक्रमण के बीच सैनिटाइजर और पीपीई किट घोटाले को लेकर अब कांग्रेस ने अपने तेवर तल्ख कर दिए हैं। युवा कांग्रेस किन्नौर ने मामले की निष्पक्षता से जांच करवाने के लिए राज्यपाल को ज्ञापन भेजा है। युकां अध्यक्ष प्रताप नेगी ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के बजाय मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को इस घोटाले या भ्रष्टाचार की जिम्मेदारी स्वयं लेनी चाहिए और इस्तीफा देना चाहिए। कोविड-19 महामारी जैसे आपातकालीन समय में उनकी नाक के नीचे से यह भ्रष्टाचार हो रहा है। इस घोटाले की निष्पक्ष जांच हो। गृह मंत्रालय और स्वास्थ्य विभाग भी मुख्यमंत्री के अधीन हैं, इसलिए इस घोटाले की निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है। उनका पद से इस्तीफा देना अनिवार्य है। युवा कांग्रेस ने यह भी मांग की कि इस केस की जांच सिटिंग हाईकोर्ट जज से करवाई जाए। इस मौके पर प्रदेश युवा कांग्रेस सचिव कुलवंत नेगी, महासचिव किन्नौर दयाल नेगी, यशवंत नेगी, धर्मेश नेगी, श्यामा नंद नेगी और सोमेश्वर नेगी मौजूद रहे।