फागू के तलाई में कुश्ती मेले का आयोजन, फाइनल में आकाश ने कोटखाई के अभिनव राणा को किया चित्त
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी ठियाग (रामपुर बुशहर)। फागू के तलाई में कुश्ती मेले का आयोजन धूमधाम से किया गया। मेले में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा देश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे पहलवानों ने दमखम दिखाया। महिला कुश्ती का भी आयोजन किया गया। देर रात तक पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले चलते रहे और दर्शकों ने कुश्ती का जमकर आनंद लिया। कुश्ती मेले का मुख्य आकर्षण शिमला केसरी का मुकाबला रहा। फाइनल मुकाबले में तलाई के पहलवान आकाश ने कोटखाई के अभिनव राणा को हराकर शिमला केसरी के खिताब पर कब्जा किया। दोनों पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में शानदार दांव-पेच देखने को मिले और उन्होंने अपने प्रदर्शन से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। शिमला केसरी का खिताब जीतने पर स्थानीय निवासी सूर्यांश जागटा ने आकाश पहलवान को 25 हजार रुपये की राशि देकर सम्मानित किया। वहीं, महिला पहलवानों के मुकाबले में स्थानीय कढ़रव निवासी पहलवान ज्योति ठाकुर और बिलासपुर के ठाकुर कुश्ती अखाड़ा की ऋषिका के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी, लेकिन मुकाबले में कोई परिणाम नहीं निकल सका। इसके बाद दोनों पहलवानों को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया। जिला परिषद टियाली वार्ड की जिला परिषद सदस्य नेहा जागटा ने महिला कुश्ती मुकाबले में रेफरी की भूमिका निभाई। उन्होंने महिला पहलवानों को 21 हजार रुपये की प्रायोजित राशि भेंट की।
हरीश ठाकुर ने की डेढ़ लाख रुपये की बड़ी माली की घोषणा
इस अवसर पर प्रदेश सेब आढ़ती संघ के प्रधान हरीश ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पुरुष वर्ग में आगामी मुकाबले के लिए डेढ़ लाख रुपये की बड़ी माली देने की घोषणा की। हरीश ठाकुर ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से सेब आढ़तियों के सामने पैदा हो रही पलायन की समस्या पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सेब आढ़ती और सेब मंडियां इस समय संकट के दौर से गुजर रही हैं। ऐसे में सरकार को आढ़तियों और मंडियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने पंचायत राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह से थरमटी मंडी को शुरू करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि मंडी के शुरू होने से क्षेत्र के बागवानों और आढ़तियों को सुविधा मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर सेब कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा। यह कुश्ती मेला मेला कमेटी के पूर्व अध्यक्ष दिवंगत शोभा राम राजटा की स्मृति में आयोजित किया गया था। मेले में प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए पहलवानों ने हिस्सा लिया। देर रात तक चले कुश्ती मुकाबलों ने तलाई में मेले के माहौल को रोमांच से भर दिया।
फागू के तलाई में आयोजित कुश्ती मेले में मौजूद दर्शक। संवाद