पंचायत स्तरीय संजीवनी क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू, 48 टीमें ले रहीं भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। संजीवनी सहारा समिति के तत्वावधान में पंचायत स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता बुधवार को शुरू हो गई है। इसमें 48 टीमें भाग ले रही हैं। टिनु औक्टा बतौर मुख्य अतिथि और जतिन चौहान विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
पहला मैच खशाधार और अढ़ाल की टीम के बीच खेला गया। खशाधार की टीम ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित दस ओवरों में 130 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अढ़ाल की टीम तीन विकेट खोकर 94 रन ही बना सकी। खशाधार ने मैच 36 रन से जीता। दूसरा मैच कांसाकोटी और लाकाकयाणी के मध्य खेला गया। कांसाकोटी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट खोकर दस ओवरों में 58 रन बनाए। लाकायाणी की टीम छह विकेट खोकर 56 रन ही बना सकी। कांसाकोटी ने दो रन से मैच जीता। तीसरा मैच शेखल और खशकंडी टीम के मध्य खेला गया। शेखल की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दस ओवर में तीन विकेट खोकर 90 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी खशकंडी की टीम चार विकेट गंवाकर 52 रन ही बना सकी। शेखल ने 38 रन से मैच जीता। इस मौके पर संजीवनी सहारा समिति के अध्यक्ष गोपाल उपस्थित रहे।