संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। नोगली में लंबे समय से चल रही चिट्टे की तस्करी के खिलाफ क्षेत्र की महिलाएं सड़क पर उतर आई हैं। शनिवार सुबह आसपास के गांवों के महिला मंडलों की सदस्यों ने बड़ी संख्या में यहां इकट्ठा होकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी करते हुए उन्होेंने पुलिस प्रशासन से नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। महिलाओं ने विरोध स्वरूप नेशनल हाईवे पर करीब दस मिनट तक चक्का जाम भी किया।
शनिवार सुबह 11:00 बजे प्रदर्शन करते हुए महिलाओं ने आरोप लगाया कि नोगली क्षेत्र में लंबे समय से बड़े पैमाने पर चिट्टे की तस्करी की जा रही है। इससे युवा पीढ़ी नशे के दलदल में फंसती जा रही है। इसको लेकर पुलिस भी मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए उनकी संपत्ति के जांच की मांग भी उठाई है। दोपहर के बाद डीएसपी रामपुर चंद्रशेखर कायथ ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन कर रही महिलाओं को नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके बाद महिलाएं यहां से हटने को तैयार हुईं। महिला कल्याण समिति रामपुर की अध्यक्ष निकिता गुप्ता ने बताया कि रामपुर में सबसे ज्यादा नशा तस्करी नोगली क्षेत्र में हो रही है। इस पर अंकुश लगाना जरूरी हो गया है। उन्होंने चेताया कि अभी क्षेत्र के 15 महिला मंडलों की सदस्य प्रदर्शन में उतरी हैं अगर पुलिस प्रशासन ने समय रहते नशा तस्करों पर कार्रवाई नहीं की तो इसके विरोध में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
डीएसपी चंद्रशेखर कायथ ने कहा कि नशे की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संबंधित मकान मालिकों को ऐसे लोगों के कमरे खाली करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
ऊपरी शिमला के अधिकतर इलाकों में फैला चिट्टे का नशा
बीते कुछ वर्षों में ऊपरी शिमला के ठियोग, नारकंडा, ननखड़ी, कुमारसैन, रामपुर, ज्यूरी सहित आउटर सराज के निरमंड क्षेत्र के युवा चिट्टे की गिरफ्त में फंसते जा रहे हैं। अधिकतर मामलों की जांच में सामने आ चुका है कि नशे की सप्लाई दिल्ली से पहुंच रही है। इसके बावजूद प्रदेश की सीमा को पार कर तस्कर यहां चिट्टा पहुंचा रहे हैं।
युवा पहले तो शौक-शौक में इसका सेवन करते हैं लेकिन इसकी लत पड़ने पर वह इसके आदी हो जाते हैं। कई मामलों में युवाओं के परिजन भी लाचार नजर आ रहे हैं। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वह बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और इसकी तस्करी करने वालों की सूचना पुलिस को दें।