एक तकनीकी कर्मचारी के हवाले 12 ट्रांसफार्मरों का जिम्मा
आए दिन अघोषित कट, लो और हाई वोल्टेज की समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
डंसा (रामपुर बुशहर)।
बिजली बोर्ड ने स्मार्ट मीटर तो लगाए, लेकिन रामपुर के दुर्गम क्षेत्रों में लोगों को बिजली की समस्या से राहत नहीं मिली है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के अघोषित कट, लो वोल्टेज और हाई वोल्टेज की समस्या से लोगों को दो चार होना पड़ रहा है। आए दिन ग्रामीण इलाके अंधेरे में डूब जाते हैं। उपमंडल रामपुर की दुर्गम पंचायत काशापाट, मुनिश और दरकाली में बिजली कर्मचारियों और बेहतर आधारभूत ढांचे की कमी के कारण ग्रामीण परेशानी झेल रहे हैं। विद्युत उप मंडल तकलेच के अधीन जोगणी सब स्टेशन में एक तकनीकी कर्मचारी ही सेवाएं दे रहा है। हाल यह है कि इस तकनीकी कर्मचारी के हवाले क्षेत्र के 12 ट्रांसफार्मरों की देखभाल का जिम्मा है। आए दिन तकनीकी खराबी के चलते विद्युत उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्टाफ की कमी से जूझ रहे विद्युत बोर्ड के पास बजट का अभाव है। ग्रामीण क्षेत्रों में हर जगह तकनीकी कर्मचारियों की काफी कमी चल रही है। जोगणी सब स्टेशन की बात करें तो यहां से मुनिश, काशापाट और दरकाली पंचायत के हजारों उपभोक्ता विद्युत आपूर्ति से लाभान्वित होते हैं। जंगल से गुजरने वाले विद्युत बोर्ड की लाइनों में अकसर तकनीकी खराबी के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित होती रहती है। ऐसे में कई जगह लो वोल्टेज, तो कई जगह ओवरलोड की समस्या हो रही है। तकनीकी कर्मचारियों की कमी के चलते 24 घंटे आपूर्ति सुनिश्चित करना मुमकिन नहीं हो पाता। अब सर्दियों का मौसम शुरू हो रहा है और ग्रामीणों की वर्षों पुरानी विद्युत संबंधी समस्याएं बरकरार हैं। विद्युत लाइनों में अतिरिक्त लोड के कारण भी अक्सर बिजली बाधित हो जाती है।
फ्यूज लगाने के लिए भी नहीं मिलता कर्मी
मुनिश पंचायत के प्रधान भजन दास, काशापाट पंचाय की प्रधान पुष्पा स्नाटू का कहना है कि गांव में यदि फ्यूज उड़ता है, तो उसे लगाने वाला कोई नहीं मिलता। ऐसे में लोगों को अंधेरे में ही रहने को मजबूर होना पड़ता है। बिजली के अघोषित कटों से लोगों के रोजमर्रा के काम बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। बिजली से चलने वाले संयंत्र से लेकर खाना बनाने और पशुपालन कृषि बागवानी विद्युत आपूर्ति पर ही निर्भर है। उन्होंने प्रदेश सरकार और विद्युत बोर्ड प्रबंधन से विद्युत आपूर्ति में आवश्यक सुधार और रिक्त पड़े पदों को भरने की मांग की है। साथ ही कहा कि यदि ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगार तकनीकी युवाओं को घर द्वार रोजगार मुहैया करा इस जटिल समस्या से निजात पाई जा सकती है।
बिजली बोर्ड में तकनीकी कर्मचारियों की कमी चल रही है। जोगणी सब स्टेशन के 12 ट्रांसफार्मरों का जिम्मा एकमात्र तकनीकी कर्मचारी संभाले हुए है। ऐसे में विद्युत आपूर्ति बहाल करने खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रिक्त पदों को लेकर समय समय पर बोर्ड प्रबंधन और सरकार से पत्राचार किया जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही तकनीकी कर्मचारियों की तैनाती होगी।-
पीएस खोजान, सहायक अभियंता, विद्युत बोर्ड तकलेच