तांगलिंग में पहाड़ी से पत्थर गिरने पर क्षतिग्रस्त हुआ सेब का पेड़।
- फोटो : RAMPUR-HP
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर के तांगलिंग गांव में बुधवार देर रात को अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने से कई लोगों के सेब पौधों को नुकसान पहुंचा है। भारी-भरकम पत्थर गिरने से एक दर्जन बागवानों के सेब पौधों को नुकसान हुआ है। इसके अलावा कुछ रिहायसी मकानों के लिए भी खतरा बना हुआ है।
तांगलिंग गांव निवासी राजकृष्ण, नरसिंह, प्रेम प्रकाश, नरेंद्र, दौलत, जयचंद और जय सिंह ने बताया कि उनके गांव के पास शोंगठोग कड़छम मेें पटेल कंपनी की ओर से परियोजना के लिए ब्लास्टिंग की जा रही है। इसके चलते पहाड़ी पर दरारें पड़ गई हैं, जिससे पहाड़ी से पत्थर गिरते रहते हैं। पहाड़ी से भारी-भरकम पत्थर गिरने से सात लोगों के रिहायसी मकानों को खतरा बना हुआ है। तांगलिंग गांव में बुधवार रात को भी पहाड़ी से अचानक भारी-भरकम पत्थर गिरे। इससे बागबानों के लगभग एक दर्जन सेब के पौधों को अपनी चपेट में ले लिया। एचपीपीसीएल के अधीन पटेल कंपनी की ओर से तांगलिंग से रल्ली निर्माणाधीन टनल कार्य के चलते हैवी ब्लास्टिंग की जा रही है। इसके चलते मकानों में दरारें आ गई हैं। तांगलिंग गांव के 7 मकानों को खतरा बना हुआ है। इस समस्या को लेकर तांगलिंग के ग्रामीणों ने वीरवार को उपायुक्त किन्नौर हेम राज बैरवा को शिकायत पत्र सौंपकर जिला प्रशासन से मांग की है कि पटेल कंपनी की ओर से की जा रही हैवी ब्लास्टिंग को कंट्रोल ब्लास्टिंग करने के आदेेेश दिए जाएं। उपायुक्त किन्नौर हेमराज बैरवा ने कहा कि तांगलिंग में जो पत्थरों से नुकसान हुआ है, उसका आकलन करके उचित मुआवजा दिया जा रहा है। पहाड़ी से जो पत्थर गिर रहे हैं, वे प्राकृतिक रूप से गिर रहे हैं या कंपनी की ब्लास्टिंग से, इसकी जांच के लिए एसडीएम कल्पा को निर्देश दिए गए हैं ।