ऊपरी शिमला, आउटर सिराज और किन्नौर में बारिश का दौर जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। ऊपरी शिमला, आउटर सिराज और किन्नौर में सोमवार देर रात से बारिश का दौर जारी है। मौसम के बदले मिजाज के बाद लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। उपमंडल में कई दिनों से बारिश न होने के कारण प्रचंड गर्मी और उमस से लोग खासे परेशान थे। सोमवार देर रात से शुरू हुई बारिश से लोगों को राहत मिली है। मंगलवार को भी झमाझम बारिश का सिलसिला जारी रहा।
बीते कई दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा था। चिलचिलाती गर्मी से लोग खासे परेशान हो गए थे। किसान-बागवानों के साथ आम लोगों को भी बारिश का बेसब्री से इंतजार था। बारिश होने से पहाड़ों में ठंड लौट आई है और लोग गर्म कपड़े पहनने को मजबूर हो गए हैं।