दलाश(कुल्लू)। दलाश क्षेत्र के हजारों लोग बीते 10 दिनों से पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। लोक निर्माण विभाग द्वारा किए जा रहे सड़क निर्माण से हर दिन क्षेत्र की मुख्य पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो रही है और ग्रामीण पानी की बूंद-बूंद को तरस गए हैं। हालांकि जलशक्ति विभाग ने लोनिवि के खिलाफ पुलिस में मामला भी दर्ज करवाया है। क्षेत्र के लोगों ने समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है। गौर हो कि क्षेत्र के कंडीनाड़ पेयजल स्रोत से दलाश, ब्यूंगल, डिंगीधार, तलूणा, जाबण, नम्होंग और साथ लगती पंचायतों के हजारों लोग लाभान्वित होते हैं, लेकिन बीते दस दिनों से ग्रामीण पेयजल किल्लत की समस्या से जूझ रहे हैं। इन दिनों लोक निर्माण विभाग का कंडागई-सौर सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। सड़क के चलते उक्त पंचायतों के लिए आने वाली मुख्य पेयजल लाइन को रोजाना क्षति पहुंच रही है। ऐसे में जलशक्ति विभाग को पेयजल आपूर्ति सुचारु रखने में परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। सड़क निर्माण में लगे ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य के दौरान पत्थर और मलबा फेंका जा रहा है, जिससे पेयजल लाइनों को क्षति पहुंच रही है। दलाश अस्पताल में उपचाराधीन कोरोना मरीजों को भी पेयजल संकट से दो चार होना पड़ रहा है।
दलाश पंचायत प्रधान मोहर सिंह, उपप्रधान अविनाश शर्मा, बीडीसी सदस्य सतीश कुमार, पोपेंद्र, संदेश, देवेंद्र, कृष्ण लाल, मनोज कुमार, प्रदीप कुमार, बन्नू सहित अन्य लोगों ने कहा कि ठेकेदार की नाकामी से बार बार पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो रही है।
उधर, जलशक्ति विभाग आनी के एक्सईएन राजकुमार कौंडल ने बताया कि लोनिवि की सड़क निर्माण के कारण पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो रही है। विभाग को सूचित किया गया है और विभाग ने पुलिस में इस संबंध में मामला भी दर्ज करवाया है।
लोक निर्माण विभाग दलाश के एसडीओ संजय शर्मा ने बताया कि ठेकेदार को पेयजल लाइनें दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।