ठियोग में पानी की समस्या होने पर पानी भरने के लिए कतारे में खडे लोग।
- फोटो : RAMPUR-HP
ठियोग (रामपुर बुुशहर)। ऊपरी शिमला के मुख्यद्वार ठियोग में एक सप्ताह से लोग पानी की किल्लत झेल रहे हैं। नगर परिषद के सात वार्डों में सात दिन से पेयजल संकट से लोग परेशान हैं। परिषद एरिया में रोजाना 4 लाख लीटर पानी की आवश्यकता है, लेकिन सप्लाई 80 हजार लीटर की हो रही है। लोगों को मजबूरी में हैंडपंप से पानी ढोना पड़ रहा है।
क्षेत्र की महिला अनिता, स्मृति गोयल, मोहन डोगरा, आशा कंवर और युवा मोर्चा के अध्यक्ष विनोद हेटा के अनुसार आईपीएच विभाग ने पानी की समस्या हल करने के लिए टैंकर भेजा था, लेकिन टैंकर से आईपीएच विभाग हर घर को मात्र दो बाल्टियां पानी दे रहा है। हर वर्ष बरसात के मौसम में यह समस्या आती है, लेकिन इस बार समस्या ज्यादा बढ़ गई है। उन्होंने आईपीएच विभाग और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पानी की समस्या को दुरुस्त किया जाए।
वहीं इस संबंध में आईपीएच विभाग के एसडीओ रविकांत शर्मा के अनुसार सैंज से जो स्कीम ठियोग के लिए आती है उसमें सिल्ट ज्यादा आने के कारण पंपिंग नहीं हो रही है। सिल्ट का कारण अवैध रूप से नदी में फेंका जा रही मलबा है। अगर परिस्थितियां ऐसी ही रहीं तो दूसरी स्कीम से जोड़ कर जनता को पानी दिया जाएगा। रोजाना चार लाख लीटर पानी की आवश्यकता है, लेकिन सात दिनों से पानी नहीं आने के कारण 80,000 लीटर पानी लोगों को देना पड़ रहा है।
वहीं स्थानीय विधायक राकेश सिंघा के अनुसार 13 जुलाई को आईपीएच विभाग के साथ बैठक करने के बाद जल्द ही इस समस्या का समाधान निकाला जाएगा। मात्र चार लाख लीटर पानी देने में प्रशासन पूरी तरह से हांफ गया है।