संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। बरसात ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर हैं। बारिश के कारण लगातार कई स्थानों पर नालों का जलस्तर बढ़ने लगा है और लोग परेशानियां झेलने को मजबूर हैं। बुधवार सुबह किन्नौर जिले की रूपी पंचायत के शिगारचा नाले में अचानक जलस्तर बढ़ गया। बारिश के कारण नाला उफान पर आ गया और दर्जनों घरों को खतरा पैदा हो गया। गनीमत यह रही कि जलस्तर से कोई नुकसान नहीं पहुंचा। सुबह छह बजे शिगारचा नाले में जलस्तर बढ़ गया और गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। करीब नौ बजे तक नाले में जलस्तर बढ़ने से ग्रामीण दहशत में थे। उसके बाद नाले का पानी कम होना शुरू हुआ और उसके बाद स्थिति सामान्य हुई। हालांकि, ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है। यदि जलस्तर काफी ज्यादा बढ़ जाता तो दर्जनों घरों के अलावा प्राथमिक पाठशाला शिगारचा को भी खतरा पैदा हो सकता था।
पूर्व पंचायत प्रधान रूपी रघुदास नेगी ने कहा कि नाले में अचानक जलस्तर बढ़ने से ग्रामीण सहम गए। काफी देर तक जलस्तर बढ़ने से अफरा-तफरी का माहौल रहा। गनीमत रही कि कोई हादसा पेश न आया। उन्होंने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से नाले के दोनों ओर से सीसी वॉल पक्की दीवार लगाने की मांग उठाई है, ताकि गांव को सुरक्षित किया जा सके। सुरक्षा के लिहाज से उचित कदम उठाए जाएं।
सूचना मिलते ही राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया है। फिलहाल, जलस्तर कम हो गया है। ग्रामीणों बारिश के दौरान ध्यान रखें। यदि कोई समस्या पेश आती है, तो प्रशासन की ओर से उचित कदम उठाए जाएंगे।
- अरुण शर्मा, कार्यवाहक एसडीएम एवं तहसीलदार निचार