बीते दिनों शिक्षा मंत्री ने किया था पेयजल योजना का लोकापर्ण
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। कठासु पंचायत में बीते दिनों शिक्षा मंत्री ने पेयजल योजना का उद्घाटन कर पानी के संकट को दूर करने का दावा किया था, लेकिन जाख गांव के लोग आज भी पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। सप्ताह में एक बार ही पानी की सप्लाई आ रही है। इससे लोगों को भारी परेशानियों से दोचार होना पड़ रहा है।
कठासु पंचायत के जाख गांव में करीब बीस घरों की बस्ती है। इसके अतिरिक्त बीस से अधिक मजदूरों के परिवार भी ढेरों में रहते हैं। पौने इंच की पाइप में करीब चालीस पेयजल कनेक्शन दिए गए हैं। बीते दो वर्षों से गांव के लोग पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं। सप्ताह में एक बार ही पानी की सप्लाई आ रही है। सेब के बगीचों में स्प्रे करने के लिए पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। दो दिन पूर्व शिक्षा मंत्री ने जिस पेयजल योजना का उद्घाटन किया था उस योजना से जाख गांव को वंचित रखा गया है।
स्थानीय निवासी नरेश सिथटा, रमेश सिथटा, भोपिंद्र रावत, बाल राम राजटा, रोशन लाल राजटा, सतीश ने बताया कि जाख गांव में पेयजल की सप्लाई नियमित रूप से नहीं आ रही है। सप्ताह में एक ही दिन पानी आ रहा है। जलशक्ति विभाग के अधिकारियाें से भी कई बार गुहार लगाई है। बावजूद इसके पेयजल समस्या का समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने मांग उठाई कि गांव में पेयजल सप्लाई नियमित रूप से दी जाए।
जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अजीत नेगी ने माना कि जाख गांव में पेयजल संकट बना हुआ है। उन्होंने बताया कि हाल ही में पंचायत के लिए सनोली खड्ड से बनी पेयजल योजना से जाख गांव को जोड़ा जाएगा, ताकि गांव में पेयजल किल्लत दूर हो सके।