20 किलोमीटर सड़क का होगा कायाकल्प, पांच पंचायतों के हजारों लोगों के लिए होगा सुहाना सफर
विज्ञापन
किसान-बागवानों को भी सेब सहित अन्य नकदी फसलों को मंडियों तक पहुंचाने में होगी आसानी
संवाद न्यूज एजेंसी
भावानगर (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर के निचार खंड के तहत आने वाली वांगतू-काफनू सड़क का करोड़ों की लागत से कायाकल्प होगा। करीब 20 किलोमीटर सड़क के कायाकल्प होने से जिले की पांच पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। वहीं, किसान-बागवानों को भी अपनी नकदी फसलें मंडियों तक पहुंचाने में सुगमता होगी। गौर हो कि वांगतू-काफनू सड़क पर 1 करोड़ 14 लाख की लागत से वार्षिक मरम्मत योजना के तहत मेटलिंग और टारिंग का कार्य किया जा रहा है। करीब आठ किलोमीटर मार्ग पर मेटलिंग और टारिंग कार्य हो चुका है। वांगतू-काफनू 1892 कैंची मोड से लेकर झरने तक करीब सड़क चकाचक हो चुकी है। इसके अलावा 12 किलोमीटर मार्ग पर पैच वर्क किया जा रहा है। इस सड़क के चकाचक होने से निचार खंड के कटगांव, काफनू, यांग्पा-1, यांग्पा-2 और क्राबा पंचायत के हजाराें लोग लाभान्वित होंगे। वहीं, किसान-बागवानों को भी सेब और मटर के अलावा अन्य नकदी फसलों को मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी। जल्द ही हजारों लोगों को बेहतर सड़क का लाभ मिलेगा। यंग ब्रिगेड सेवादल जिला अध्यक्ष प्रशांत नेगी, यांग्पा-1 पंचायत प्रधान कृष्णा नेगी, कटगांव पंचायत प्रधान शकुंतला नेगी, प्रधान यांग्पा-2 ईश्वर चंद नेगी और प्रधान काफनू पंचायत अरुण प्रभा सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी के दिशा-निर्देशानुसार यह कार्य संभव हो पाया है। उन्हाेंने सड़क का कायाकल्प करने के लिए कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी का आभार जताया है।
करीब 20 किलोमीटर सड़क का कायाकल्प किया जा रहा है। आठ किलोमीटर सड़क पर मेटलिंग और टारिंग हो चुकी है और अन्य 12 किलोमीटर सड़क पर पैच वर्क का कार्य किया जा रहा है। जल्द ही क्षेत्र के किसान बागवानों सहित हजारों लोगों को बेहतर सड़क का लाभ मिलेगा। - प्रमोद नेगी, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग भावानगर