रोहड़ू। रोहड़ू, चौपाल, जुब्बल-कोटखाई, चिड़गांव (छौहारा) और कुपवी विकास खंडों में शनिवार को पंचायत चुनाव के तीसरे चरण का मतदान होगा। तीसरे चरण में रोहड़ू ब्लॉक में विभिन्न पंचायतों में 71 वार्डों में से 42 सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं और 29 वार्डों में मतदान होगा। चौपाल में 87 में से 76 वार्ड निर्विरोध और 11 में मतदान होगा। जुब्बल में 37 में से 26 निर्विरोध और 11 में मतदान होगा।
इन पांचों विकास खंडों में प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए मुकाबला रोचक बना हुआ है। कई पंचायतों में उम्मीदवार निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि शेष पंचायतों और वार्डों में मतदान के माध्यम से प्रतिनिधियों का चयन किया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। मतदान दलों को आवश्यक सामग्री के साथ संबंधित केंद्र में पहुंच चुके हैं । मतदान केंद्रों पर बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं। चुनाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रत्याशी अंतिम समय तक मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।