नित्थर (कुल्लू)। जिला कुल्लू की उप तहसील नित्थर की दुराह और लोट पंचायतों के पांच दर्जन से अधिक मतदाता इस बार चुनाव में मत का प्रयोग नहीं कर पाएंगे। मतदाता सूची से मतदाताओं के नाम गायब है। अब अंतिम सूची आने के बाद मतदाताओं को अपने मत के अधिकार का प्रयोग करने से वंचित रहना होगा।
गौरतलब है कि उप तहसील नित्थर की दुराह और लोट पंचायत 50-60 लोगों को वोट देने के अधिकार से वंचित रहना पड़ेगा। लोगों का कहना है कि उन्होंने सभी दस्तावेज संबंधित अधिकारी को सौंप दिए थे। इसके बावजूद उनके नाम वोटर लिस्ट में शामिल क्यों नहीं हो पाए। सूची में नाम न होने के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दुराह पंचायत के शरटी गांव के संतोष कुमार ने बताया कि उनके गांव के करीब 25 लोग मतदाता सूची से गायब हैं जबकि उनके बच्चों के नाम भी शामिल नहीं है, जबकि वे वयस्क हैं।
संबंधित अधिकारी यशपाल ठाकुर का कहना है कि जिस सूची के लिए उन्होंने ये नाम दिए थे, वे विधानसभा और लोकसभा की मतदाता सूची के लिए थी, जबकि पंचायत चुनाव के लिए अलग से तिथि निर्धारित थी।
खंड विकास अधिकारी निरमंड प्रिया नागटा ने कहा कि विकास खंड निरमंड से अब यह संभव नहीं है। बार-बार सूचना देकर लोगों से अपील की थी कि जिसके नाम छूट हैं, वे अपने नाम वोटर लिस्ट में शामिल कर लें। नागटा ने कहा कि पंचायत सचिव से मिलकर इस संबंध में जानकारी ली जा सकती है।