हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति और हिम रक्षक संस्था ने दिया संदेश
लूहरी स्कूल में एनएसएस शिविर का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लूहरी में राष्ट्रीय सेवा योजना के शिविर के समापन अवसर पर हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति और हिम रक्षक संस्था की ओर से स्वयंसेवियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति एवं हिम रक्षक संस्था के अध्यक्ष अमर चौहान ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के स्रोत व्यक्ति मोहर सिंह ने प्रश्नोत्तरी और विभिन्न गतिविधियों से स्वयंसेवियों को नशे के दुष्प्रभावों, इससे होने वाले सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान और बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से जागरूक रहकर नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
इस अवसर पर हिम रक्षक संस्था की ओर से विद्यालय में जमा दो कक्षा के टॉपर विद्यार्थी अंकुश भारती को 5,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करना है। प्रधानाचार्य प्रेमजीत चौहान और राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी धर्म सिंह वर्मा ने अतिथियों एवं संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के सचिव कुंदन शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के अंत में नशे से बचाव विषय पर आयोजित प्रश्नोत्तरी, चित्रकला और नारा लेखन प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
इस मौके पर हिम रक्षक संस्था के सदस्य राजपाल शर्मा, एसएमसी अध्यक्ष पवन वर्मा, विद्यालय का स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद रहे।