संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। तहसील ननखड़ी के देलठ में शनिवार को वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। देलठ पंचायत प्रधान उमा दत्त शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।
उमा दत्त शर्मा ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर खेलकूद गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ रखने के साथ उनकी प्रतिभा निखारने में भी मदद करते हैं। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 50 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी दी जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को 25 हजार रुपये मिलेंगे। तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को पांच-पांच हजार रुपये दिए जाएंगे।
युवक मंडल के प्रधान पंकज कुमार ने अतिथियों और खिलाड़ियों का स्वागत किया तथा सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों से आपसी एकता और खेल भावना के साथ खेलने की अपील की। उन्होंने बताया कि दशहरे के उपलक्ष्य में 20 अक्तूबर को कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर देलठ के उपप्रधान कैलाश शर्मा, युवक मंडल उपप्रधान मूर्त सिंह, संजय कुमार, तरुण कुमार, शाखा प्रबंधक दीपक ठाकुर, बृज लाल और योगराज सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।