फैसले पर पुनर्विचार करें निगम प्रबंधन, वर्ना होगा घेराव संवाद न्यूज एजेंसी डंसा (रामपुर बुशहर)। रामपुर-सनेई वाया रचोली चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम रामपुर डिपो की बस का सुबह का समय बदलने पर ग्रामीणों ने भारी रोष जताया है। डंसा पंचायत के ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया, तो निगम प्रबंधन के कार्यालय का घेराव करेंगे। इस रूट पर एकमात्र बस सुबह के समय सनेई से रामपुर चलती है। बस का निर्धारित समय सुबह 7:30 बजे है, लेकिन निगम प्रबंधन ने सुंडा के ग्रामीणों की मांग पर विद्यार्थियों के स्कूल पहुंचने में हो रही देरी के चलते बस का समय आधा घंटा पहले सुबह 7:00 बजे कर दिया है। इस बस से सनेई, जगूणी, थाना, कराली, पनोली और रायाशरण के लोग बड़ी संख्या में रामपुर के लिए रोजाना सफर करते हैं। ग्रामीणों को अब सुबह बस तक पहुंचने में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। आए दिन जंगली भालू भोजन की तलाश में सड़क किनारे खेतों में रुख करते हैं। इस कारण सुबह जल्दी बस तक पहुंचना मुमकिन नहीं है। बस सुबह जल्दी निकलने से ग्रामीणों के रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, सवारियों के अभाव में खाली बस चलने से निगम को भी वित्तीय घाटा उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों में राज मेहता, चेत राम, गोवर्धन, सोहन लाल, अजय कुमार, प्रवीण, लक्ष्मी नंद, विद्या देवी, नीता नेगी, सपना, गीता, निशा, संध्या देवी और मीना ने निगम प्रबंधन से गुहार लगाई है कि बस का समय पहले की तरह सुबह 7:30 बजे सनेई से चलने का रखा जाए ताकि लोगों को परेशानी ना उठानी पड़े।
बस के सुबह चलने का समय स्कूली छात्रों के हितों के मद्देनजर सुंडा के ग्रामीणों की मांग पर किया है। फैसले पर पुनर्विचार किया जाएगा। उमेश ठाकुर, क्षेत्रीय प्रबंधक, रामपुर डिपो