छात्राओं को जंगल के रास्ते पैदल तय करना पड़ रहा तीन किलोमीटर का सफर
विज्ञापन
15 दिनों से चटोग रूट पर बस सेवा बंद संवाद न्यूज एजेंसी ठियोग (रामपुर बुशहर)।
विकास खंड ठियोग की धरेच पंचायत के चटोग क्षेत्र में निजी बस ऑपरेटर की मनमानी से ग्रामीण और विद्यार्थी परेशान हो रहे हैं। लक्कड़ बाजार से डिबर वाया चटोग-धरेच रूट पर पिछले 15 दिन से बस का संचालन चटोग तक बंद है। इसके चलते स्कूली छात्राओं समेत अन्य विद्यार्थियों को रोजाना जंगल के रास्ते करीब तीन किलोमीटर पैदल सफर करना पड़ रहा है। जंगली जानवरों के खतरे और शाम के समय अंधेरा होने से अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पंचायत प्रधान सुनील शर्मा ने बताया कि इस रूट पर पहले कई वर्षों तक हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस चलती थी, लेकिन छह महीने पहले सरकारी बस सेवा बंद कर दी गई। इसके बाद रूट निजी ऑपरेटर को सौंपा गया। ऑपरेटर ने शुरुआत में तीन महीने तक चटोग तक बस चलाई, लेकिन अब यह कहकर सेवा बंद कर दी कि चटोग उसके स्वीकृत रूट में शामिल नहीं है। पंचायत ने उपायुक्त शिमला को पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है। उनके अनुसार, आरटीओ शिमला ने जनसुविधा को देखते हुए रूट में तीन किलोमीटर विस्तार की अनुमति देने पर सहमति जताई थी। इसके बावजूद ऑपरेटर सड़क खराब होने का हवाला देकर बस नहीं चला रहा है। ग्रामीण रमेश शर्मा, संतोष शर्मा, हिमांशु शर्मा और शोभ राम ने चटोग तक बस चलाने और निर्देशों की अवहेलना पर ऑपरेटर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अभिभावक राम दयाल और नरेश शर्मा ने एचआरटीसी बस सेवा बहाल करने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों के अनुसार आठ महिला मंडलों और चटोग, शिल्ली, मैला, भाणी व सिंखली गांवों के प्रतिनिधिमंडल ने पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह से मुलाकात की थी। मंत्री ने बस सेवा बहाल करवाने और निजी ऑपरेटर की मनमानी रोकने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।