रिकांगपिओ में कई दुकानों के मनमाने दाम, रेट लिस्ट गायब, प्रशासन बेखबर
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर में सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। त्योहारी सीजन में जिले में फल और सब्जियों के दाम में भारी उछाल आया है। वहीं, रिकांगपिओ में कई दुकानदार मनमाने दाम ग्राहकों से वसूल रहे हैं। रिकांगपिओ में हर दुकान का अपना रेट है। सफेद प्याज 100, 80, 70 और 60 रुपये प्रति किलो बिक रहा है, जबकि लाल प्याज तो कई महीनों से नहीं आ रहा है। वहीं, कई दुकानदारों ने सब्जियों की दुकान पर रेट लिस्ट भी नहीं लगाई है। श्रद्धा नेगी, रामकली, चंद्र किरण, सुषमा नेगी, किरण बाला, रामदासी और रामेश्वर देवी का कहना है कि सब्जियों की कीमत अधिक होने से रसोई प्रभावित हो रही है। किन्नौर में त्योहारी सीजन में फल और सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। इससे आम आदमी की जेब खासी प्रभावित हो रही है। गृहिणी को दीपावली के अवसर पर महंगाई की समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। गृहिणियों ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि सब्जियों की कीमत पर अंकुश लगाया जाए। इसके लिए प्रशासन को ठोस कदम उठाने चाहिए।
ये रहे फल और सब्जियों के दाम
जिले में शिमला मिर्च 160, मटर 140 और टमाटर के दाम 100 रुपये प्रति किलो पहुंचे हैं। हरी मिर्च 180 रुपये प्रति किलो, लहसुन 400 रुपये किलो, भिंडी 70 रुपये प्रति किलो, खीरा 70 रुपये किलो, पपीता 80 रुपये प्रति किलो, नींबू 200 रुपये प्रति किलो, फूल गोभी 80 रुपये प्रति किलो, करेला 80 रुपये प्रति किलो, घीया 6o रुपये प्रति किलो, बैंगन 48 रुपये प्रति किलो, केला 90 रुपये दर्जन, पाइन एप्पल 150 रुपये प्रति किलो, चुकंदर 80 रुपये प्रति किलो, शकरकंदी 80 रुपये प्रति किलो, अरबी 80 रुपये प्रति किलो और अनार 300 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।
जल्द व्यापार मंडल के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। निरीक्षक को निर्देश दिए हैं कि दुकानदारों की रेट लिस्ट जांची जाए। जिन दुकानदारों ने रेट लिस्ट नहीं लगाई है, उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. शशांक गुप्ता, जिला नियंत्रक खाद्य आपूर्ति विभाग किन्नौर के अधिकारी एवं एसडीएम कल्पा